
बाजपुर। प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों के बीच आपस में किसी बात को लेकर गाली-गलौच और मारपीट हो गई। हंगामा बढ़ने पर शिक्षक बच्चों की छुट्टी कर विद्यालय बंद कर चले गए। इससे आक्रोशित अभिभावकों ने बच्चों के साथ प्रदर्शन कर विरोध जताया और एसडीएम को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की।
गांव केशोवाला स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक सहित तीन शिक्षक तैनात हैं। बृहस्पतिवार को करीब 11 बजे किसी मामले को लेकर तीनों शिक्षकों के बीच विवाद हो गया। अभिभावकों के अनुसार विद्यालय के तीनों शिक्षकों में इतना विवाद बढ़ गया कि देखते ही देखते मारपीट हो गई। आनन-फानन में तीनों शिक्षक बच्चों की छुट्टी कर घर चले गए। बच्चों ने घर आकर शिक्षकों की लड़ाई की सूचना परिजनों को दी। जिस पर कुछ परिजन विद्यालय पहुंचे। आक्रोशित परिजनों ने बच्चों के साथ स्कूल में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने घटनाक्रम के संबंध में एक शिकायती पत्र उपजिलाधिकारी को भेजकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों को विद्यालय में बच्चों के सामने लड़ाई नहीं करनी चाहिए। फिरोज, मोहम्मद हसन, निसार, शाहिद अहमद, नवी हसन आदि थे। एसएसआई एनबी भट्ट ने बताया कि एक शिक्षक ने कोतवाली में तहरीर दी है। मामले की जांच चल रही है। इधर, दलित नेता धनराज भारती और अल्पसंख्यक कांग्रेस जिलामहामंत्री मोहम्मद हुसैन ने बताया कि शिक्षकोें के बीच हुए विवाद को लेकर समझौते के प्रयास चल रहे हैं। शुक्रवार को पंचायत बुलाई गई है
