
अल्मोड़ा। भैंसियाछाना ब्लॉक के निस्नैली गांव में तेजाब डाल कर मारी गई 55 वर्षीय महिला के अज्ञात हत्यारों का राजस्व पुलिस करीब बीस दिन बाद भी पता नहीं लगा सकी है। लोगों ने राजस्व पुलिस पर मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर मामला रेगुलर पुलिस को सौंपने की मांग की है।
त्रिनैली पटवारी क्षेत्र अंतर्गत निस्नैली गांव के डनखली तोक में अकेले रहने वाली नरूली देवी पत्नी नारायण सिंह की अगस्त पहले सप्ताह में हत्या हो गई थी। पोस्टमार्टम में महिला पर तेजाब डाले जाने की पुष्टि हुई थी। इस मामले में मृतका के रिश्तेदार कोटा सजोला निवासी भगवान सिंह की रिपोर्ट पर राजस्व पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। करीब 20 दिन बाद भी राजस्व पुलिस मामले का पर्दाफाश नहीं कर सकी है। इससे परिजनों समेत ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर राजस्व पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार करने और मामला रेगुलर पुलिस को सौंपने की मांग की है। इधर राजस्व उप निरीक्षक गोविंद बल्लभ कांडपाल ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। कई लोगों से पूछताछ भी की गई लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
