
पांवटा साहिब (सिरमौर)। ग्राम पंचायत बढ़वास में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दौरा किया। इस दौरान वायरल के मरीजों को दवाइयां वितरित की गई। गांव में करीब तीन दर्जन से अधिक लोग बीमार हैं। पीड़ित नौनिहाल, बुजुर्ग और महिलाओं के स्वास्थ्य की टीम ने जांच की।
ग्राम पंचायत बढ़वास के पूर्व प्रधान मीत सिंह चौहान, मनी राम, तेलू राम, दयाल सिंह और सुरेंद्र चौहान ने कहा कि वीरवार को टीम पहुंची। इसमें डाक्टर समेत स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी शामिल रहे। डा. मुकेश की टीम ने गांव का दौरा किया। वायरल पीड़ितों के स्वास्थ्य की जांच कर दवाई दी गई। इस दौरान वायरल, उल्टी, दस्त और जुकाम के तीन दर्जन मरीज पहुंचे। कई परिवारों में दो से चार सदस्य बीमार चल रहे हैं। अस्पताल ले जाने में भी दिक्कत थी। पंचायत प्रधान रामलाल चौहान, पूर्व प्रधान मीत सिंह चौहान, जय सिंह, शोभा राम व विनोद चौहान ने बीएमओ राजपुर का आभार प्रकट किया है। स्वास्थ्य विभाग टीम के बढ़वास गांव का दौरान करने से पीड़ित परिवारों ने राहत की सांस ली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पेयजल संग्रहण टैंक का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को आसपास साफ सफाई रखने, स्वच्छ पानी पीने, बासी भोजन नहीं खाने और स्वच्छता की हिदायत दी है। उधर, बीएमओ राजपुर डा. केके पराशर ने कहा कि बढ़वास गांव में टीम भेजी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वायरल पीड़ितों को दवाईयां बांटी हैं। गांव के हालात पर नजर रखी जाएगी।
