
नाहन (सिरमौर)। नगर परिषद नाहन की मासिक बैठक वीरवार को आयोजित हुई। बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। बरसात के मद्देनजर फैलते मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए विभिन्न तालाबों और झीलों में गंबूशिया मछली उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया। यह मछली मच्छरों के पनप रहे अंडों और कीटों को खा जाती है। इससे डेंगू और मलेरिया के बढ़ने खतरे को रोका जा सकेगा। बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि नप में रोज आने वाले शिकायती पत्रों के मामले को तीन दिन के भीतर निपटाना होगा।
वीरवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता नप अध्यक्षा भारती अग्रवाल ने की। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है सफाई, नाली चॉक, पाइप लाइन लीकेज आदि रोजमर्रा आनी वाली शिकायत पर तत्काल एक्शन लिया जाए। किसी भी सूरत में तीन दिन के भीतर शिकायत को दूर किया जाए। इसके अलावा लंबित आवेदन एवं प्रार्थना पत्रों को भी 15 दिनों की भीतर फाइनल कर कार्रवाई का निर्णय लिया गया। कार्यकारी अधिकारी एसएस नेगी तथा नप उपाध्यक्ष योगेश गुप्ता बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित थे। ईओ ने बैठक में लिए गए निर्णयों के बाबत बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भवन निर्माण के लगभग 23 नक्शों को पास किया गया है। विभिन्न क्षेत्रों में साफ सफाई एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए एक अतिरिक्त छोटा टैंपो खरीदा जाएगा। इसके अलावा प्रमुख झील रानीताल में हाईमास्ट लाइट को भी स्थापित की जाएगी। बरसाती सीजन के चलते नप एरिया में रूके निर्माण कार्यों को शुरू किया जाएगा। बरसात से हुए नुकसान को सुधारा जाएगा। बैठक में पार्षद दलीप सिंह वर्मा, निति अग्रवाल, संजय गोयल, राकेश गर्ग, अंबरीश कंवर, अशोक विक्रम, ऊषा कौर, रेशमा, वीरेंद्र अत्री आदि मौजूद थे।
किसान मंडी में दुकान लगाने पर देना होगा शुल्क
नाहन (सिरमौर)। शमशेर स्कूल के पास सप्ताह में दो बार लगने वाली किसान मंडी में दुकान लगाने वालों से अब 100 रुपये प्रति दिन के हिसाब से शुल्क वसूला जाएगा। इसके अतिरिक्त जिन्होंने शमशेर स्कूल के पास वाली मंडी में बैठने के लिए पूर्व में लंबी अनुमति ली थी। उन्हें तत्काल प्रभाव से रद कर दिया गया है। ईओ एसएस नेगी ने बताया कि ऐसे मामलों में जिनसे नप ने शुल्क वसूला था उसे उनके कार्य के आधार पर वापस लौटाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से जारी आठ फीसदी डीए की किस्त नप कर्मचारियों को शीघ्र प्रदान की जाएगी।
