छराबड़ा में पलटी बस , एक की मौत 56 घायल

शिमला। सतोग से शिमला आ रही एक निजी बस छराबड़ा के समीप अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गई। बस सड़क से करीब पचास मीटर नीचे लुढ़क कर दो पेड़ों में अटक गई। हादसे में एक यात्री श्याम लाल (44) निवासी नहोल टियाली की मौत हो गई, जबकि 56 लोग घायल हो गए। चालक समेत तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चालक के दो बच्चे भी बस में सफर कर रहे थे जो सकुशल हैं। चालक ही बस का मालिक बताया जा रहा है। घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल लाया गया है। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि वीरवार देर शाम तक चालीस मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी देकर घर भेज दिया गया था। बस में महिलाएं और बच्चों समेत रोज शिमला आने वाली सवारियां थीं। बस छराबड़ा से एक मोड़ आगे सड़क से बाहर हो गई। बताया जा रहा है कि एक गाड़ी गलत दिशा से आ रही थी, उसे बचाने की कोशिश में चालक राजेंद्र ने बस को नीचे की ओर लिया और गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई की ओर पलट गई। हादसे के दौरान देवदार का एक बड़ा पेड़ टूट गया यहां से बस ने फिर पलटा खाया, लेकिन दो देवदार के बड़े पेड़ों पर बस अटक गई। इस कारण बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने 108 को कॉल किया लेकिन एंबुलेंस कहीं व्यस्त थी। स्थानीय लोगों ने घटनास्थल से घायलों को निकालना शुरू किया और सड़क पर गाड़ियों को रोककर इन्हें आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब तक पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर आए तब तक केवल पांच घायल ही अस्पताल पहुंचाने के लिए बचे थे। डीएसपी सिटी पंकज शर्मा ने कहा कि हादसे के असल कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच चल रही है। अंदेशा जताया जा रहा है कि एक गाड़ी गलत दिशा से आई, जिसे बचाने के लिए यह हादसा हो गया। छानबीन चल रही है। अभी कुछ भी कहना मुश्किल है। उधर, आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश ने कहा कि श्यामलाल नाम के यात्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। 56 घायलों को यहां लाया गया है। देर शाम तक 46 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। चालक समेत तीन की हालत गंभीर है।

Related posts