
शिमला। डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन के लिए नई योजना तैयार की गई है। फैसला जनता के हाथ छोड़ा जाएगा। प्रतिदिन कूड़ा देने वालों को इनाम मिलेगा, तो कूड़ा न देने या मासिक शुल्क न देने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। शहर की सफाई व्यवस्था का जिम्मा देख रही सैहब सोसायटी ने हर माह अंतिम शनिवार को सभी वार्डों में ड्रा निकालने की योजना बनाई है। सोसाइटी शुल्क की एक रसीद उपभोक्ता को देगी जबकि दूसरी अपने रिकार्ड में रखेगी। माह के अंतिम शनिवार को रसीदों से ड्रा निकाला जाएगा। विजेता को निगम प्रशासन इनाम देगा। निगम प्रशासन का तर्क है कि शहर के कई लोग अभी भी इस योजना के प्रति गंभीर नहीं हैं। सैहब सोसायटी के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास शुरू किया जा रहा है।
नगर निगम के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. उमेश कुमार भारती का कहना है कि शहर को साफ सुथरा बनाने में सभी लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसी कड़ी में हर माह हर वार्ड में ड्रा निकालने की योजना तैयार की गई है। योजना को आयुक्त के ध्यान में लाया जाएगा। अनुमति मिलते ही इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा।
—-
योजना से जुड़े हैं 35,113 परिवार
शिमला। डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन योजना से शहर के 35,113 परिवार जुड़े हैं। योजना से न जुड़ने वाले लोगों की संख्या जानने के लिए सैहब सोसायटी वार्ड स्तर पर सर्वे कर रही है। सर्वे के आधार पर छूट चुके लोगों को योजना से जोड़ा जाएगा। जो लोग योजना से जुड़ने के बावजूद मासिक शुल्क नहीं देते, उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।
