
शिमला। प्रदेश विश्वविद्यालय के हर विभाग में पांच-पांच सीटें बढ़ेंगी। कार्यकारी परिषद ने सीटें बढ़ाने के फैसले के लिए कुलपति को अधिकृत कर दिया है। विवि का 21वां दीक्षांत समारोह अक्तूबर या नवंबर में होगा। कॉलेजों में छात्र 26 अगस्त तक प्रवेश ले सकेंगे। प्रदेश के कॉलेजों में लागू राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) को भी ईसी ने मंजूूरी दे दी है। विवि के बारह सहायक प्रोफेसरों को प्रोफेसर के पद पर पदोन्नत किया है। विवि में 23 क्लब या सोसाइटी बनाने का फैसला भी लिया। कुलपति प्रो. एडीएन बाजपेयी की अध्यक्षता में हुई ईसी बैठक में कुलपति ने कहा कि विवि ने 17 अगस्त को केंद्रीय छात्र संघ चुनाव प्रदेश के कॉलेजों, विवि, क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र धर्मशाला, सांध्यकालीन अध्ययन केंद्र शिमला में शांतिपूर्ण ढंग से कराए गए। विवि ने छात्र समुदाय को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही सरकार, सभी जिलों के प्रशासन, प्राचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों, विभिन्न छात्र संगठनों तथा संपूर्ण छात्र समुदायों का आभार भी जताया।
बैठक में विवि के प्रत्येक शिक्षण विभाग/पाठ्यक्रमों में पांच सीटें बढ़ाने के लिए कुलपति को अधिकृत किया गया। 21वां दीक्षांत समारोह अक्तूबर/नवंबर में करने का फैसला लिया। इसमें वर्ष 2012 के विभिन्न संकायों में डिग्रीधारक और स्वर्ण पदक विजेता सम्मानित होंगे। विवि में छात्रों की अर्थपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने में 23 क्लबों और सोसाइटियां स्थापित करने की स्वीकृति दी। कार्यकारिणी परिषद ने वर्ष 2008-09 और 2009-10 के वार्षिक लेखा और लेखा परीक्षा प्रतिवेदनों को अनुमोदित किया। कॉलेज में जो छात्र अभी प्रवेश नहीं ले सके हैं, उन्हें 26 अगस्त तक एक और मौका दिया गया है। बैठक की कार्यवाही का संचालन कुलसचिव प्रो. मोहन झारटा ने किया।
ये बनाए प्रोफेसर
विवि ने कैरियर एडवांसमेंट योजना के तहत 12 आचार्य बनाए हैं। इनमें इक्डोल गणित से डा. हरिमोहन, डा. प्रदीप कुमार, लोक प्रशासन से डा. अनुपमा सिंह, जैव प्रौद्योगिकी से डा. दुनी चंद, डा. अरविंद भट्ट, डा. वामिक आजमी, गणित से डा. जोगेंद्र सिंह धीमान, डा. राजेश शर्मा, मनोविज्ञान से डा. आरएल जिंटा, इतिहास से डा. आभा मल्होत्रा, दृश्य कला से डा. हिम कुमार चटर्जी एवं जीव विज्ञान से डा. आनंद सागर शामिल हैं।
एससीए का शपथ ग्रहण समारोह 27 को
प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर की नव निर्वाचित केंद्रीय छात्र संघ (एससीए) का शपथ ग्रहण समारोह विवि सभागार में 27 अगस्त को होगा। शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को सुबह 11.30 बजे शुरू होगा। विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एसएस चौहान ने इसके निर्देश जारी कर दिए हैं।
