एचपीयू में ‘कांग्रेस’ के हाथ मजबूत

शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को बड़ी जीत मिली है। सात में से छह सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार काबिज हुए हैं। एक सीट पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार को सफलता मिली है। माकपा समर्थित प्रत्याशी सभी सीटों पर चुनाव हार गए हैं।
अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी हितेश्वर ठाकुर को 273 मत मिले जबकि माकपा समर्थित बिरमा चौहान को 121 और भाजपा समर्थित प्रेम राज को 88 वोट ही पड़े। आजाद प्रत्याशी संजीव कुमार को 15 मतों से ही संतोष करना पड़ा। अध्यक्ष पद के लिए 23 मत रद किए गए। संयुक्त सचिव पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी कुलदीप कुमार को 214 वोट मिले, इनके अलावा भाजपा समर्थित अन्य प्रत्याशी दो सौ के आंकड़े के पास भी नहीं पहुंच सके। सबसे ज्यादा मत कांग्रेस समर्थित उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी पीपी नेगी को मिले। इन्हें 304 वोट मिले हैं। राज कुमार राणा को 98 और सतीश को 97 वोट मिले। पीपी नेगी ने 206 वोट से रिकार्ड जीत हासिल की है। महासचिव पद के लिए गीता राम को 206, महेश को 133 और नरेश कुमार को 113 वोट मिले। आजाद प्रत्याशी मोहन को 47 मतों से संतोष करना पड़ा। संयुक्त सचिव पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी कुलदीप को 214 और कांग्रेस समर्थित राजेश को 163 और माकपा समर्थित मोहम्मद साजरीन को 123 वोट मिले। संगठन सचिव पद पर देवेंद्र शर्मा को 229 और रवि को 175 और हरिकांत को 88 वोट मिले। प्रेस सचिव पद पर शशि कुमार को 204, रविंद्र को 134 और धवन को 155 वोट मिले। वित्त सचिव पद पर विनीत सूद को 209, हरीश को 170 और बसंत को 112 वोट पड़े।
वीरवार को सुबह 11:00 बजे से 3:00 बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद साढ़े चार बजे मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया गया। 520 मतदाताओं ने इसमें वोट डाले। परिणाम घोषित होते ही कर्मचारियों ने जीते प्रत्याशियों को हार पहनाकर स्वागत किया और अध्यक्ष ने आम कर्मचारियों को संबोधित किया।
———
‘सभी कर्मचारियों को साथ लेकर चलेंगे’
विवि में गैर शिक्षक कर्मचारियों के नवनियुक्त अध्यक्ष हितेश्वर ठाकुर ने कहा कि सभी कर्मचारियों को साथ लेकर चलेंगे। आम कर्मचारियों से जो वायदे चुनाव के समय किए हैं, उन्हें पूरा करने के लिए विवि प्रशासन और सरकार के समक्ष मांगें उठाएंगे।

Related posts