सीएम को खटके रवि और बिंदल

शिमला। विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निशाने पर भाजपा विधायक रविंद्र रवि और डा. राजीव बिंदल रहे। रविंद्र रवि जब लीज संबंधी सवाल को विदड्रा करने के खिलाफ बार-बार विरोध जता रहे थे, तो सीएम ने अपनी सीट से उठकर कहा – प्रेस गैलरी में देखकर मत उछला करो। इससे सदन में खूब ठहाके लगे। इसके बाद प्राकृतिक आपदा पर लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा के लिए डा. राजीव बिंदल सिरमौर जिला में हुई क्षति के बारे में बताने उठे तो उन्होंने कह दिया कि हम तो कल ही यह चर्चा चाह रहे थे, लेकिन मुख्यमंत्री ने गुस्सा दिखाया। लेकिन आज सरकार को विपक्ष की बात माननी पड़ी।
सीएम ने एकदम जवाब दिया-ये प्रस्ताव आपके कहने पर नहीं है, इसे सरकार लाई है। इसी तल्खी में सीएम कह गए कि आप अभी बच्चे हैं। बिंदल ने जवाब दिया कि वह उनके (वीरभद्र सिंह) सामने राजनीति में बच्चे ही हैं। लेकिन सिरमौर और नाहन में हुई क्षति को सरकार के सामने रखना मेरा दायित्व है। तभी मुख्यमंत्री को फिर कुछ याद आया और फिर खड़े हो गए। बोले-मैं अपने शब्द वापस लेता हूं, आप बच्चे नहीं बच्चे के भी दादा हो। इस पर भी खूब ठहाके लगे। लेकिन बिंदल नहीं रुके उन्होंने कहा कि सरकार बेशक गंभीर न हो, लेकिन वह नाहन के हित में बात भी रखूंगा और आपसे से लड़कर इन मांगों को पूरा भी करवाऊंगा।

इनसेट
बिंदल ने दिखाई अमर उजाला की खबरें
शिमला। सिरमौर में बारिश और बाढ़ से हुई क्षति का हाल सरकार को बताने के लिए डा. राजीव बिंदल ने अमर उजाला में छपी खबरों की कटिंग्स भी सदन में पढ़ीं। उन्होंने कहा कि मेरी बात मत सुनो, लेकिन जो क्षति मीडिया में रिपोर्ट हुई है, उस ओर तो सरकार ध्यान दे। उन्होंने कहा कि नाहन सर्कल के लिए आपदा राहत के नाम पर केवल 3.75 करोड़ रुपये सरकार ने देने को कहा है। यह ऊंट के मुंह में जीरे जैसा है।

Related posts