प्रिंसिपल, पूर्व एससीए अध्यक्ष पर केस

मंडी। वल्लभ कालेज मंडी में वीरवार को फिर हंगामा बरपा। सारे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पूर्व एससीए अध्यक्ष और कालेज प्रिंसिपल ने पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने क्रास केस बनाया है। छानबीन की जा रही है। कालेज में लगातार बन रहे तनाव के बाद यहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पूर्व एससीए अध्यक्ष देविंद्र सिंह की ओर से धमकाने तथा मारपीट करने के आरोप लगाने के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कालेज परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इधर, कालेज प्रिंसिपल ने सारे आरोप निराधार बताए हैं। उन्होंने भी पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है। छात्र संघ चुनाव में अवैध मतों को लेकर आंदोलन कर रही एबीवीपी तथा कालेज प्रशासन के बीच चल रहा गतिरोध थमा नहीं है। एबीवीपी के इकाई अध्यक्ष योगेश ठाकुर ने कहा कि वीरवार को देविंद्र सिंह चरित्र प्रमाण पत्र लेने के लिए कालेज गया था। देविंद्र सिंह तथा एबीवीपी का आरोप है कि कालेज प्रिंसिपल ने आंदोलन वापस न लेने पर चरित्र प्रमाण पत्र खराब करने को धमकाया। देविंद्र सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।
देविंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार तथा विश्वविद्यालय प्रशासन से भी इस मामले की शिकायत करेंगे। उधर, कालेज प्रिंसिपल एमएस जम्वाल ने धमकाने तथा मारपीट के आरोपों को निराधार बताया। कालेज प्रिंसिपल की ओर से सदर पुलिस को वीरवार को कालेज में किए गए हंगामे की शिकायत दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से क्रास एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी प्रकाश चंद का कहना है कि देविंद्र सिंह तथा प्रिंसिपल एमएस जम्वाल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts