डीजे की परमिशन न मिलने पर हंगामा

धर्मशाला। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में सोमवार को डीजे की परमिशन को लेकर हंगामा हो गया। कालेज में एससीए चुनाव में लगातार 14वीं बार जीत हासिल करने वाली विद्यार्थी परिषद ने जीत की खुशी में डीजे पार्टी का आयोजन किया था। लेकिन जैसे ही एबीवीपी ने डीजे बजाना शुरू किया तो वहां तैनात पुलिस कर्मचारियों ने उसे बंद करवा दिया।
कार्यकर्ताआें ने वजह पूछी तो पुलिस अधिकारी ने जवाब दिया कि वह पहले कालेज प्रशासन से डीजे बजाने की परमिशन लेकर आएं। डीजे पार्टी के बंद करवाने को लेकर एबीवीपी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदित्य पंडित सहित कार्यकर्ताओं ने कालेज प्राचार्य के कक्ष के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जब कालेज प्रशासन से डीजे बंद करवाने का कारण पूछा तो उन्हें कालेज प्रशासन की ओर से कोई सही जवाब नहीं मिल पाया। करीब डेढ़ घंटे के बाद कालेज प्रशासन ने विद्यार्थी परिषद को कुछ शर्तों के आधार डीजे बजाने की अनुमति दे दी। उधर, नवनिर्वाचित एससीए अध्यक्ष आदित्य पंडित ने आरोप लगाया कि कालेज प्रशासन ने सरकार के दबाव के चलते एबीवीपी को डीजे बजाने की परमिशन नहीं दी है। वहीं उप प्राचार्य महेंद्र चौधरी ने कहा कि एबीवीपी को शर्तों के आधार पर डीजे बजाने की परमिशन दी गई है।

Related posts