
धर्मशाला। शहर में आयोजित रोजगार मेले में सैकड़ों युवाओं ने भारी बारिश के बावजूद अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय धर्मशाला में आयोजित रोजगार मेले में सेमसंग कंपनी ने 74 युवाओं को नौकरी का मौका दिया। नौकरी की चाह में भारी बारिश के बावजूद 500 से ज्यादा युवा धर्मशाला पहुंचे।
जानकारी के अनुसार सैकड़ों युवाओं में से कंपनी के प्रतिनिधियों ने महज 74 युवाओं का चयन किया। इन्हें मौके पर ही ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिए गए। इन युवाओं को 6600 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। बारिश के चलते श्रम एवं रोजगार विभाग के कार्यालय में आयोजित किए मेले में युवाओं की भीड़ पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसके लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। बरसात के बावजूद नौकरी की चाह में धर्मशाला पहुंचे सैकड़ों युवा निराश भी लौटे। चयन न हो पाने के चलते युवाओं को बैरंग घर लौटना पड़ा।
वहीं क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी जेएस पटियाल ने बताया कि पांच सौ से ज्यादा युवाओं ने रोजगार मेले में भाग लिया। इनमें सेमसंग कंपनी के आए हुए प्रतिनिधियों ने 74 युवाओं का चयन किया। इन्हें 6600 रुपये मासिक वेतन पर रखा गया। जबकि परफार्मेंस के आधार पर उन्हें समय रहते पदोन्नति भी दी जाएगी।
