
ज्यूरी (शिमला)। कोटला में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में टेक्नो ब्वायज रामपुर ने मूनलाइट क्लब ज्यूरी को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। बुधवार देर शाम प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शरीक जिला परिषद सदस्य भूपेश धीमान ने विजेता-उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता का आयोजन ग्राम विकास समिति कोटला के तत्वावधान में देरची मेले के उपलक्ष्य पर किया गया। मंगल चौहान क्रिकेट ओपन प्रतियोगिता के फाइनल में टेक्नोब्वॉयज रामपुर ने मूनलाइट यूथ क्लब ज्यूरी को दो रन से परास्त किया। मूनलाइट क्लब ने पहले खेलते हुए निर्धारित आठ ओवरों में 62 रन बनाए। मूनलाइट की ओर से सुनील शर्मा ने 23 रन बनाए। इसके जवाब में टेक्नो ब्वायज रामपुर ने लक्ष्य दो विकट शेष रहते हुए पूरा किया। रामपुर की ओर से सतीश ने सर्वाधिक 20 रन बनाए। उन्हें मैन आफ दी मैच चुना गया। मूनलाइट के सुरेंद्र जिष्टू को बेस्ट गेंदबाज चुना गया।
आयोजकों की ओर से विजेता टीम को 21 हजार रुपये व ट्राफी, उप विजेता को दस हजार व ट्राफी दी गई। समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें उरनी म्यूजिकल ग्रुप के रवि चंद्रन, प्रवीण और बीरबल ने अपनी प्रस्तुतियों से धमाल मचा दिया। इस मौके पर ज्यूरी पंचायत उपप्रधान राजकांता, ग्राम विकास समिति कोटला के प्रधान हेमंत वर्मा, साहिल वर्मा, अमरदीप चौहान, दीपक वर्मा, मंदिर कमेटी के प्रधान भगवान दास खन्ना, धर्मदास चौहान, महिला मंडल की प्रधान अतरदासी, उपप्रधान शकुंतला, मूनलाइट के प्रधान नारायण खन्ना, जगदीश वर्मा, विपिन नेगी, सुंदर नेगी, विजय खन्ना, ईश्वर, पंचायत सदस्य विद्या नेगी, हरीश खन्ना, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।
