
रोहड़ू। स्थानीय सब्जी मंडी लोगों के लिए आफत बन गई है। यहां जाम लगना आम हो गया है। हालत यह है कि रात भर लोग जाम में फंस रहे हैं। इसके चलते लोगों को न खाना नसीब हो रहा है और न ही पीने के लिए पानी। मजबूरन लोगों को सारी रात जाम में गुजारनी पड़ रही है। यहां हर दिन पांच से छह घंटे जाम लगना आम हो गया है।
बुधवार रात भर रोहड़ू सब्जी मंडी से महेंदली के बीच करीब पांच-छह घंटे तक परिवहन निगम की बसें, निजी वाहन, ट्रक, टैक्सियां जाम में फंसी रहीं। इससे इन वाहनों में सवार सैकड़ों लोगों को वाहनों में ही रात गुजारनी पड़ी। इन लोगों को रात भर न खाना मिला और न पानी। करीब तीन घंटे तक दो 108 एंबुलेंस जाम में फंसी रहीं। यातायात को व्यवस्थित करने के लिए सड़क पर पुलिस का कोई जवान रात को तैनात नहीं था। करीब पौने बारह बजे डीएसपी रोहड़ू को लोगों ने जाम की सूचना दी। एक बजे पुलिस के दो कर्मचारी जाम खुलवाने के लिए मौके पर पहुंचे। उससे पहले लोगों ने स्वयं बसों और निजी वाहनों से उतर कर जाम खुलवाने की कोशिश की। यानी जाम के कारण दो किलोमीटर सफर करने में लोगों को पूरी रात वाहनों में ही गुजारनी पड़ी। जीप चालक सुरेश कुमार ने बताया कि वाहनों में रात को लोग भूखे प्यासे परेशान थे। राम कृष्ण ने बताया कि सब्जी मंडी रोहड़ू के जाम में शाम साढे़ दस बजे से परिवार के साथ सुबह तक परिवहन निगम की बस में फंसे रहे। उन्होंने कहा कि सैकड़ों लोग परेशान थे। पुलिस का एक भी जवान तीन घंटे तक सड़क पर नजर नहीं आया। रात बारह बजे के बाद पुलिस के जवान जरूर पहुंचे, लेकिन वे लंबे जाम के सामने बेबस थे। लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति रोष है। लोगों ने विधायक मोहनलाल ब्राक्टा से मांग की है कि सब्जी मंडी में पुलिस के जवानों को रात भर शिफ्टों में तैनात किया जाए। डीएसपी रोहड़ू राजकुमार चंदेल ने कहा कि सब्जी मंडी में रात भर पुलिस तैनात रहती है। यदि पुलिस मौके पर नहीं थी तो उसके कारणों का पता किया जाएगा।
