रामलीला समिति के भवन का पिछला हिस्सा ढहा

श्रीनगर। आदर्श रामलीला समिति के भवन का पिछला हिस्सा मंगलवार रात अचानक ढह गया। समिति ने इसके लिए नगर पालिका के अनियोजित निर्माण कार्यों को जिम्मेदार ठहराया है, जिसकी जांच के लिए कोतवाली में तहरीर दी गई है। समिति के अध्यक्ष उमाशंकर थपलियाल ने मामले में मुकदमा दर्ज कराया है।
मंगलवार देर रात रामलीला मैदान स्थित आदर्श रामलीला समिति के भवन का एक हिस्सा ढह गया। संपत्ति सचिव अंबिका प्रसाद जोशी ने बुधवार को कोतवाली में इसकी तहरीर दी। उनके मुताबिक नगर पालिका के अनियोजित निर्माण कार्यों के कारण ही कमरा क्षतिग्रस्त हुआ है। आठ जून 2009 को अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को तत्कालीन एसडीएम ने पालिका के निर्माण कार्यों से रामलीला समिति के भवन को गंभीर खतरा बताया था। साथ ही एक सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए आदेशित किया था और निर्माण से पूर्व अनुमति लेने की हिदायत भी दी थी। अंबिका प्रसाद जोशी ने बताया कि अगर पालिका ने इन सभी पहलुओं पर गौर किया होता तो भवन क्षतिग्रस्त नहीं होता। उन्होंने इस मामले की जांच जल्द कराने की मांग की। थानाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी ने बताया कि इस मामले में धारा 427 के तहत नुकसान का मुकदमा दर्ज किया गया है।

– जून 2009 में दिए गए एसडीएम के इस पत्र के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। जुलाई में मेरा ट्रांसफर हो गया था। हो सकता है इसके बाद ही यह पत्र कार्यालय पहुंचा हो। इसलिए मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। – आरपी सेमवाल, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका श्रीनगर।

– नगरपालिका को आपदा कंट्रोल के माध्यम से कार्रवाई करने संबंधी पत्र दे दिया गया है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी श्रीनगर को भी पत्र दिया गया है। – डा. उमाशंकर थपलियाल, अध्यक्ष रामलीला समिति श्रीनगर।

Related posts