असुरक्षा पैदा करेगा खाद्य सुरक्षा बिल : पंत

पिथौरागढ़। भाजपा के प्रदेश महामंत्री प्रकाश पंत का कहना है कि खाद्य सुरक्षा बिल प्रदेश में आम मध्यम वर्ग के लिए खाद्य असुरक्षा पैदा करेगा। यहां पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि इस कानून में कई तरह की विसंगति है। बड़ी तादाद में लोग पीडीएस सिस्टम से बाहर हो जाएंगे। लेकिन सरकार इसे भूख मिटाने के बजाय सियासत का हथियार बना छलावा कर रही है।
पंत ने कहा कि अधिकांश आबादी को खाद्य सुरक्षा के दायरे में लाया जाना चाहिए। छत्तीसगढ़ के मॉडल अपनाकर न केवल खाद्य सुरक्षा मिल सकती है बल्कि पोषाहार का भी बंदोबस्त इसमें किया जाना चाहिए। पीडीएस में सुधार के बगैर इस कानून के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए। कहा कि अच्छी पैदावार के बावजूद अनाज को रखने के लिए गोदाम और अन्य आधारभूत ढांचे को तैयार नहीं किए जाने से बर्बादी बढ़ रही है।
महामंत्री ने 50 प्रतिशत मुनाफे के आधार पर खाद्य सामग्री के मूल्य निर्धारण की कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन की रिपोर्ट को लागू कर काश्तकारों को फायदा पहुंचाने की वकालत की। साथ ही बिचौलियों को दूर कर उपभोक्ताओं तक सस्ता सामान पहुंचाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि काश्तकार को फायदा पहुंचाने के लिए सिंचाई की सुविधा से लेकर गांवों तक रोड, रोपवे तक बनाने को प्राथमिकता दिया जाना जरूरी है।

Related posts