चट्टान से गिरी महिला, मौत

डीडीहाट। विकासखंड के डेटखोला ग्राम पंचायत में एक महिला की चट्टान से गिरने से मौत हो गई। जानवरों को लेकर जंगल गई यह महिला सुअर के झुंड की डर से भागते हुए चट्टान से टकरा गई थी। ग्रामीणों ने कमजोर माली हालत वाली इस महिला के परिजनों को समुचित मुआवजे की मांग की है।
डेटखोला ग्राम पंचायत के गैरगाला तोक की देवकी देवी (30) पत्नी हरि राम 20 अगस्त को अपराह्न में मवेशियों को लेकर जंगल को गई। तभी सुअरों का एक झुंड वहां से गुजरा। सुअरों के डर से महिला दूसरी दिशा को भागी। आपाधापी में वह चट्टान से टकराई और गंभीर रूप से चोटिल हो गई थी। अन्य महिलाओं ने जख्मी देवकी को निकाल कर पांच किमी पीठ में ढोकर मातोली पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई। देवकी का पति हरि राम मजदूरी कर परिवार का गुजरबसर करता है। सामाजिक कार्यकर्ता दीवानी राम टम्टा ने गरीब माली हालत के मद्देनजर परिजनों को आर्थिक मुआवजे की मांग की है।

Related posts