खतरनाक हुआ बदरीनाथ हाईवे

गोपेश्वर। जिले की लाइफ लाइन बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति दिन प्रतिदिन खस्ताहाल होती जा रही है, जिससे जोशीमठ, पीपलकोटी, चमोली, नंदप्रयाग, घाट, पोखरी, गोपेश्वर, कर्णप्रयाग और गौचर क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई भी सुचारु नहीं हो पा रही है। हाईवे मैठाणा में खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। यहां पर अलकनंदा नदी की ओर से भू-धंसाव हो रहा है। बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) ने हिल साइड कटिंग कर वाहनों की आवाजाही की वैकल्पिक व्यवस्था की है। नंदप्रयाग के पास पर्थाडीप में हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा जमा है। पाताल गंगा और गडोरा में भी हाईवे की स्थिति दयनीय बनी है। बिरही में हाईवे तालाब के रूप में तब्दील हो गया है। गोविंदघाट में चट्टान से टूटे पत्थरों को हटाकर बीआरओ ने वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी है।

रसोई गैस की आपूर्ति ठप
बदरीनाथ हाईवे के बार-बार अवरुद्ध होने से जोशीमठ और घाट क्षेत्रों में पिछले डेढ़ माह से रसोई गैस की सप्लाई ठप पड़ी है। जोशीमठ के लिए जिला पूर्ति विभाग ने छह हजार और घाट क्षेत्र में साढे़ चार हजार रसोई गैस सिलेंडरों की मांग प्लांट से की है। नारायणबगड़ क्षेत्र में पिछले ढाई माह से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हो पाई है।

सड़कें खुलती हैं तो 24 घंटे के भीतर जरूरत वाले क्षेत्रों में रसद, रसोई गैस की आपूर्ति कर दी जाएगी। हमने छोटे वाहनों में जोशीमठ क्षेत्र के लिए करीब दो हजार गैस सिलेंडर भेजे हैं।
-डीएस राणा, जिला पूर्ति अधिकारी, चमोली

मैठाणा में हाईवे धंस गया है। जैसे-तैसे वाहनों की आवाजाही की जा रही है। हाईवे खोलने के लिए बीआरओ पूरी ताकत लगाए है। लामबगड़ से आगे हाईवे का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
-कर्नल निलेश चंदाराना, कमांडर, बीआरओ, जोशीमठ।
कई घंटे बंद रहा चंबा-धरासू मार्ग
पहाड़ंी से आ रहे मलबे ने बढ़ाई परेशानी
स्वाड़ी गांव में कई मकानों को भी खतरा
अमर उजाला ब्यूरो
नई टिहरी। लगातार हो रही बारिश से चंबा-धरासू मोटर मार्ग ढिक्यारा, कोटीगाड़ और भागीरथीपुरम टिपरी-घनसाली मोटर मार्ग पिपलडाली के पास ठप रहा। लोग यहां कई घंटे तक जाम में फंसे रहे।
चंबा-धरासू मार्ग ढिक्यारा, कोटीगाड़ में बुधवार की रात करीब दो बजे से सुबह नौ बजे तक यातायत के लिए बंद रहा। दोनों स्थानों पर पहाड़ी से लगातार आ रहा मलबा इसका कारण बना। बीआरओ ने दोनों स्थानों पर जेसीबी लगाकर रास्ता खोलने का प्रयास किया। वहीं भागीरथीपुरम घनसाली मार्ग टिपरी, पीपलडाली सहित पांच स्थानों पर हो रहे भूधंसाव से बंद हो रहा है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही।
दूसरी ओर जाखणीधार प्रखंड के ग्राम स्वाड़ी में लगातार हो रहे भूधंसाव से ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है। गांव के नीचे तकरीबन चार मीटर जमीन धंसने से सात घरों में दरारें आ गई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। दो माह से लगातार हो रही बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। ग्राम स्वाड़ी में भूस्खलन लगातार बढ़ता जा रहा है। जोत सिंह, जितेंद्र सिंह, महावीर सिंह, धर्म सिंह, पृथ्वी सिंह, भगवान सिंह और सोहन लाल के घरों में दरारें पड़ गई है। उन्होंने बताया कि जिस तरह से बारिश से भूस्खलन हो रहा है, उस स्थिति में मकान कभी भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। जिससे ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है। उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

Related posts