शिव मंदिर में दो क्विंटल घी की अखंड ज्योति जलाई

पीपलकोटी (चमोली)। रक्षाबंधन पर हाट गांव में स्वामी तिरुज्ञानानंदा महाराज ने दस दिवसीय ध्यान योग साधना कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के तहत शाम पांच बजे हाट शिव मंदिर में करीब दो क्विंटल घी की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। इस मौके पर तमिलनाडु के 43 श्रद्धालुओं का दल हाट गांव पहुंचा। बृहस्पतिवार को दल बदरीनाथ धाम के लिए रवाना होगा।
प्राचीन परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी रक्षाबंधन पर हाट गांव के शिव मंदिर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। बताया जाता है कि जब बदरीनाथ धाम तीर्थयात्री पैदल आवागमन करते थे, तो उस दौरान हाट गांव उनका पड़ाव हुआ करता था। यहां बेलपत्री का घने जंगल के बीच शिव मंदिर है। बताया जाता है कि सालों पूर्व तमिलनाडु के एक तीर्थयात्री ने उक्त शिव मंदिर में तीन साल तक कठोर तप किया था और वहीं अंतरध्यान हो गए थे। तभी से इस स्थान पर तमिलनाडु के श्रद्धालु रक्षाबंधन के दिन धार्मिक अनुष्ठान आयोजित कर अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित करते हैं। रामचंद्र पर्वत की तलहटी पर बसे इस शिव मंदिर के समीप ही लक्ष्मी नारायण का भव्य मंदिर भी है।

Related posts