
चंपावत। डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन ने केंद्र के समान वेतन तथा केंद्र के समान काम की मांग उठा दी है। इस मुद्दे को लेकर 25 अगस्त से आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।
संगठन की बैठक में कहा गया कि राज्य सरकार फार्मेसिस्टों से कई अतिरिक्त काम ले रही है। उनको यात्रा ड्यूटी, मेला ड्यूटी, पोस्टमार्टम ड्यूटी, आपातकालीन ड्यूटी, वीआईपी ड्यूटी पर लगाया जाता है। जिन अस्पतालों में डाक्टर नहीं हैं वहां पर फार्मेसिस्ट ही मरीजों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं लेकिन सरकार सुविधा देने के बजाए शेड्यूल एच की दवाओं के वितरण पर रोक लगा रही है। बैठक में अलग से फार्मेसी निदेशालय बनाने, कामन डिजीज मैनेजमेंट के आदेश पारित करने जैसी मांगें प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा स्वास्थ्य उपकेंद्रों में तैनात फार्मेसिस्टों को वरिष्ठता सूची में शामिल करने को कहा गया। संगठन के जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन जिला मंत्री मुकुल राय ने किया। बैठक में प्रांतीय संरक्षक बीएस परवाल, सतीश पांडे, सुरेश पाटनी, जगदीश कुंवर, रोशन लाल, विष्णु गिरी गोस्वामी, कुलदीप राय, शेखर सार्की, मनोज टम्टा, संजय विश्वकर्मा, अनिल गड़कोटी, जेसी कांडपाल समेत तमाम फार्मेसिस्ट मौजूद थे।
