शुरू नहीं हो रहा बाढ़ में बहे पुलों का निर्माण

उत्तरकाशी। जून में आई आपदा को 67 दिन बीत चुके हैं लेकिन सरकार अभी पिछले साल अगस्त में आई बाढ़ के जख्मों को भी नहीं भर पायी है। उस समय असी गंगा, भागीरथी, यमुना और सूपिन आदि नदियों पर बहे 14 पुलों के निर्माण का जिम्मा इस वर्ष मार्च में नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कार्पोरेशन लिमिटेड को सौंपा गया था। अभी तक धरातल पर इन पुलों का काम ही शुरू नहीं हो पाया जबकि अनुबंध के तहत 24 माह के भीतर इन पुलों को तैयार करना है।
पिछले साल अगस्त में आई बाढ़ में तबाही के बाद बड़ी कंपनियों को काम सौंपे जाने की आवाज उठी। इसी के चलते उत्तराखंड सरकार ने जिले में 60.86 करोड़ रुपये लागत से 14 पुलों के निर्माण का जिम्मा एनबीसीसी को सौंपा। मार्च में शिलान्यास और अनुबंध कर कार्पोरेशन को 24 माह के भीतर पुल तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। अभी तक धरातल पर पुलों का निर्माण तो दूर कागजी औपचारिकताएं तक पूरी नहीं हो पायी हैं।
पुल न होने से असी गंगा घाटी, अठाली गांव आदि क्षेत्र अलग-थलग पड़े हुए हैं। असी गंगा घाटी में तो अस्थाई पुलों से नदी पार करते समय हुए हादसों में 2-3 लोगों की जान भी जा चुकी है। इधर, तिलोथ पुल की एप्रोच बहने से बाड़ागड्डी क्षेत्र के दर्जनों गांव अलग-थलग पड़े हैं। बीते साल लोनिवि ने इस पुल की एप्रोच का करीब पांच करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया था लेकिन इस बार क्षति का दायरा बढ़ने के बाद यहां भी नए पुल की जरूरत बतायी जा रही है। इस दिशा में भी अभी तक कोई प्रयास शुरू नहीं हुआ है।

सभी 14 पुलों की डीपीआर तैयार कर शासन को सौंप दी गई है। बरसात बीतते ही सितंबर में काम शुरू कराया जाएगा। अनुबंध के मुताबिक मार्च 2013 से 24 माह के भीतर पुलों का निर्माण करना है।
एनके.चावला, एजीएम एनबीसीस
पुलों के न होने से असी गंगा घाटी के गांवों में जीना दुश्वार हो गया है। शासन-प्रशासन ने शीघ्र पुलों के निर्माण का भरोसा दिलाया था, लेकिन अभी तक काम ही शुरू नहीं हुआ है। अब क्षेत्र की जनता के पास आंदोलन के सिवाय कोई रास्ता नहीं बचा है।
कमल सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य बाड़ाहाट।

एनबीसीसी को बनाने हैं ये पुल
जोशियाड़ा झूला पुल, अठाली के लिए मोटर पुल और झूला पुल, जंगारा तोक में झूला पुल, सेकू गांव के लिए मोटर पुल, डिगिला में बैली ब्रिज, संगमचट्टी में डोडीताल के लिए पैदल गार्डर पुल, बड़ेथी-बनचौरा-बदरीगाड मोटर मार्ग पर आरसीसी पुल, सिल्क्यारा-चापड़ा-सरोट मोटर मार्ग पर आसीसी पुल, बाडिया गांव में यमुना पर झूला पुल, खरादी में यमुना पर झूला पुल, सटूड़ी मोरी में सूपिन नदी पर झूला पुल, लिवाड़ी में सूपिन नदी पर झूला पुल, जखोल में सूपिन नदी पर झूला पुल

Related posts