बहनों के लिए मुफ्त यात्रा सुविधा फ्लाप

अल्मोड़ा। कहने को सरकार ने रक्षा बंधन पर महिलाओं को रोडवेज की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई थी लेकिन स्थानीय स्तर पर रोडवेज की अधिकांश बस सेवाएं बंद होने से महिलाओं ने केमू की बसों और टैक्सियों से यात्रा की। रक्षाबंधन के दिन द्वाराहाट रूट पर चलने वाली नियमित बस भी नहीं चली। रोडवेज ने किसी भी रूट पर अतिरिक्त बस सेवा नहीं चलाई।
जिले के आंतरिक रूटों पर रोडवेज की अनेक बस सेवाएं लंबे समय से बंद हैं। मात्र कुछ बसें ही लोकल में संचालित हो रही हैं। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए निगम ने अल्मोड़ा से किसी भी स्टेशन को अतिरिक्त बसें नहीं चलाई। हालत यह थी कि अल्मोड़ा से रानीखेत के लिए भी दिन के वक्त कोई बस नहीं थी। द्वाराहाट रूट में प्रतिदिन डेढ़ बजे अल्मोड़ा-द्वाराहाट बस चलती है लेकिन आज यह बस सेवा भी बंद थी। बताया गया है कि बस खराब होने के कारण यह सेवा बंद रही। रोडवेज की बसें नहीं होने से महिलाओं को राखी पर सरकार की रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा का लाभ नहीं मिल सका। कई महिलाएं स्टेशन में घंटों बसों का इंतजार करती देखी गईं। बाद में उन्होंने मजबूरी में केमू की बसों और टैक्सियों आदि में सफर किया।

Related posts