
रानीखेत। आखिरकार दो साल के लंबे इंतजार के बाद स्थानीय गोविंद सिंह माहरा राजकीय अस्पताल में महिला प्रसूति रोग विशेषज्ञ की नियुक्तिहो गई है। बेस अस्पताल अल्मोड़ा से स्थानांतरित होकर आईं डा. सुनीता टम्टा ने यहां कार्यभार संभाल लिया है। दूसरी तरफ अस्पताल में पिछले काफी समय से हड्डी रोग विशेषज्ञ का पद खाली होने से मरीज परेशान हैं।
राजकीय अस्पताल में जिले की वर्तमान सीएमओ डा. गीता शर्मा के स्थानांतरण के बाद फरवरी 2011 से महिला प्रसूति रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त था। उपमंडल क्षेत्र का एकमात्र अस्पताल होने के कारण यहां गढ़वाल क्षेत्र से भी रोगी उपचार को आते हैं। अधीक्षक डा. डीएस नेई ने बताया कि गत दिवस अल्मोड़ा बेस अस्पताल की प्रसूति रोग विशेषज्ञ डा. सुनीता टम्टा ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इधर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैठक कर इसके लिए सीएम, स्वास्थ्य मंत्री, डीजी हेल्थ के साथ ही पूर्व विधायक करन माहरा का आभार जताया है।
बैठक में ब्लाक अध्यक्ष बचे सिंह देव, नगर अध्यक्ष कैलाश पांडे, कार्यकारी नगर अध्यक्ष हरीश मनराल, हेमंत बिष्ट, डीएन बडौला, जगदीश रावत, दीवान सिंह, पंकज जोशी, प्रदीप, चंदन बिष्ट, गोपाल देव आदि शामिल थे। दूसरी तरफ राजकीय अस्पताल में पिछले एक माह से हड्डी रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त है। डाक्टर नहीं होने से रोगियों की खासी फजीहत हो रही है। अस्पताल के अधीक्षक डा. डीएस नेई ने बताया कि हरिद्वार से स्थानांतरित डाक्टर ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।
