
नई दिल्ली। परिवहन मंत्री रमाकांत गोस्वामी ने बताया कि राजधानी में ऑटो रिक्शा को 11 क्षेत्रों में बांटकर चलाया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र के लिए ऑटो रिक्शा पर एक विशेष रंग की स्ट्रिप लगाई जाएगी। जिस भी क्षेत्र से संबंधित स्ट्रिप होगी, वहां जाने के लिए किसी भी क्षेत्र से ऑटो रिक्शा चालक मना नहीं करेगा। ऐसा करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे पूर्व छह रंग क्षेत्रों में बांटने की योजना थी जिससे छोटे हिस्सों में बांटने की जरूरत को देखते हुए 11 क्षेत्र में किया गया है। इसके अलावा ग्रामीण सेवा वाहनों की चाल सुधारने के लिए कमेटी गठित होगी। परिवहन मंत्री ने बुधवार को सार्वजनिक परिवहन सेवा की दिक्कतों का जायजा लेने के लिए परिवहन विभाग, दिल्ली पुलिस, डिम्ट्स और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों की बैठक ली। परिवहन मंत्री ने बैठक के बाद बताया कि विभाग अलग-अलग क्षेत्र के हिसाब से स्ट्रिप तैयार किए जा रहे हैं। ऑटो रिक्शा की मनमानी इस स्कीम से रुकेगी।
रमाकांत गोस्वामी ने बताया कि ग्रामीण सेवा के सही संचालन के लिए एक कमेटी का गठित होगी। इसमें परिवहन विभाग, दिल्ली पुलिस और डिम्ट्स के अधिकारी होंगे। कमेटी ग्रामीण सेवा के सही संचालन और रूट से संबंधित विषय पर रिपोर्ट देगी। ऑटो रिक्शा परिचालन सुधार के लिए एक समेकित योजना बनाने के निर्देश भी दिये हैं। डीटीसी बसों से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए बसों की गति पर नियंत्रण के नियम कड़ाई से लागू करने को अधिकारियों से परिवहन मंत्री ने कहा है। मंत्री ने बताया कि नए चालकों को सड़क सुरक्षा और वाहन चालन के लिए सघन प्रशिक्षण दिया जाए। बस स्टैंड पर ओवरटेक न करें। अस्थायी चालक गलत परिचालन करते हैं तो बर्खास्त किया जाए।
