अचानक फ्रंट फुट पर सीएम, सब हैरान

शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अचानक फ्रंटफुट पर हैं। मानसून सत्र के पहले दिन सीएम ने विपक्ष के हर हमले को खुद संभाला। लंबे समय से चल रही खराब की सेहत की अटकलों के बीच इन तेवरों ने सबको हैरान कर दिया। भाजपा क्या, कई कांग्रेसी विधायक भी मुख्यमंत्री के नए मूड पर अचंभित थे। अब इसे चाहे मंडी उपचुनाव में मिली बड़ी जीत का असर कहें या कुछ और, लेकिन वीरभद्र सिंह सदन के भीतर से लेकर बाहर तक विपक्ष पर हमले बोलते रहे।
सत्र शुरू होने से पहले बने तल्खी के माहौल का असर सदन के भीतर भी दिखा। धूमल जब सीएम थे तो पहले दिन सबसे पहले विपक्ष की पहली पंक्ति के नेताओें से हाथ मिलाते थे। वीरभद्र सिंह सदन में आए, मगर विपक्ष की ओर नहीं बढ़े। नो हैंड शेक, अपनी सीट से सिर्फ नमस्ते। बारिश से क्षति पर जब भाजपा विधायकों की ओर से हल्ला बढ़ने लगा तो सत्ता पक्ष की ओर से सबसे पहले मुख्यमंत्री ने मोर्चा संभाला। बोले- मैं जानता हूं आप क्यों उतावले हो रहे हो। यू वांट फिशिंग इन दि ट्रबल्ड वाटर। पहले मुझे सुनो, फिर चरचा करना।
जब अध्यक्ष के फैसले का विपक्ष ने विरोध किया तो वीरभद्र सिंह फिर खड़े हुए। सवाल पूछा – आर यू डिफाइंग दि चेयर? इसके बाद मुख्यमंत्री मीडिया के सामने आए। यहां क्या बोलना है, इस बारे में संसदीय कार्य मंत्री ने पर्ची सरकाई, लेकिन सीएम ने इसे देखे बिना हर सवाल का जवाब बिना तैयारी के दिया। एचपीसीए के केस में मीडिया कुछ गरमागरम सुनना चाहता था, लेकिन सीएम ने इससे परहेज किया। बिंदल के केस में सुप्रीमकोर्ट की रूलिंग सुनाई और पूछा – क्रिमिनल केस है, इसमें प्रोसीक्यूशन सेंक्शन की जरूरत कहां थी? सीएम के इन तेवरों का डर अब मंत्रियों और विधायकों में भी देखा जा रहा है। सूत्र कहते हैं अब सबकी क्लास लग रही है।

Related posts