
शिमला। रिज मैदान स्थित क्राइस्ट चर्च में मंगलवार रात चोरों ने सेंध लगाकर तीन दानपात्रों के ताले तोड़कर नकदी साफ कर दी। चोर खिड़की की जाली उखाड़कर और शीशा तोड़कर गली के रास्ते भीतर दाखिल हुए। दान पात्र में कितनी नकदी थी, इसका सही अनुमान नहीं लगाया जा सका है। चोरी का पता बुधवार सुबह चला। एक साल के भीतर इस चर्च में चोरी की यह तीसरी वारदात है।
पुलिस के मुताबिक जिस जगह से चोर चर्च के भीतर दाखिल हुए, वह खिड़की जमीन से करीब चौदह फीट ऊपर है। वहां जमीन पर कुछ लकड़ियां रखी हुई थीं। बताया जा रहा है कि इसके सहारे चोर खिड़की तक पहुंचा। सबसे पहले उसने जाली उखाड़ी, इसके बाद शीशा तोड़ा और भीतर आ गया। हालांकि पुलिस को कुछ संदेह हो रहा है। यहां खिड़की पर जमी धूल जस की तस है। अगर चोर यहां से भीतर जाता तो धूल कपड़ों में लगती, लेकिन ऐसी कोई रगड़ यहां नहीं है। धूल जस की तस है। लिहाजा, वारदात का असली सच जानने की पुलिस कोशिश कर रही है। यही नहीं, खिड़की के बाहर कुछ सिक्के भी फेंके हैं। जहां दान पात्र रखे हुए थे, उस कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था। केवल दान पात्र के ताले तोड़े हुए हैं। ऐसे ही कुछ सवालों पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। थाना सदर प्रभारी गोबिंद राम ने टीम के साथ मौके का मुआयना किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
——–
पहले भी दो बार हो चुकी हैं चोरियां
शिमला। बीते साल भी चर्च में तीन दानपात्रों से नकदी गायब हुई थी। दो दानपात्रों के ताले गायब थे जबकि एक दानपात्र में ताला लटका हुआ था। चर्च के प्रबंधक ने दावा किया था कि चोर चर्च की पिछली तरफ एक खिड़की से दाखिल हुआ। खिड़की खुली हुई थी। बीते दिसंबर में भी चोरी हुई थी। उस समय भी चोर खिड़की से चर्च में दाखिल हुआ था। उस समय भी दानपात्रों के ताले तोड़े गए।
