बारिश से कई घंटे बंद रहा मंडी-कटौला मार्ग

कटौला/ बरोट/ मंडी। भारी बारिश के कारण जिला मंडी के कई मार्गों पर ल्हासे गिरने से यातायात बाधित हो गया। मंडी-कटौला-कुल्लू मार्ग भी कई घंटों तक बंद रहा। बुधवार को लोक निर्माण विभाग ने दो जेसीबी लगाकर दोपहर बाद मार्ग को बहाल कर दिया। उधर, बरोट क्षेत्र के लाहोरड़ी, कोठी कोहड़ मार्ग भी बंद हैं। जिससे लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। बागी-पराशर मार्ग पर बागी के समीप पुल क्षतिग्रस्त होने से यातायात बंद है।
आसमान से बरस रही आफत कहर बरपा रही है। रुक-रुक हो रही बारिश से ल्हासे गिरने से कई मार्ग बंद हो गए। बुधवार दोपहर बाद मंडी में भी जोरदार बारिश हुई। बारिश से मंडी-कटौला मार्ग गत मंगलवार को सेगली के पास ल्हासा गिरने से बंद हो गया। विभाग ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी लगाकर देर शाम तक छोटे वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी थी। फिर बारिश होने से मार्ग बंद हो गया। बुधवार को दोपहर तक विभाग के कर्मचारी मार्ग को खोलने में जुटे रहे। इसके बाद ही वाहनों की आवाजाही बहाल हो पाई। विभाग के कनिष्ठ अभियंता भगत राम ने बताया कि मार्ग पर काफी मलबा आने से यातायात बंद हो गया था। उन्होंने कहा कि यातायात सुचारु हो गया है।
उधर, बरोट क्षेत्र के लोहारड़ी, कोठी कोहड़ संपर्क मार्ग भी बंद हैं। जिससे लोगों को कई किलोमीटर पैदल चल कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। उधर, बागी-पराशर मार्ग पिछले कई दिन से बंद है। जिससे क्षेत्र की कई पंचायतों का संपर्क कट चुका है। लोगों और स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डाल कर नाले को पार करना पड़ रहा है।

Related posts