मंडोगलू स्कूल में मिड-डे-मील का सामान साफ

चैलचौक (मंडी)। चच्योट पंचायत के माध्यमिक पाठशाला मंडोगलू में मंगलवार रात चोर स्कूल के चार कमरों के ताले तोड़कर एक कमरे में रखा मिड-डे-मील काराशन और बर्तन ले गए। इस संबंध में एसएमसी प्रधान गीता नंद और स्कूल के मुख्य अध्यापक उधम सिंह ने गोहर पुलिस थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात को मंडोगलू स्कूल में अज्ञात चोर घुस गए और प्राइमरी व मिडल स्कूल के सभी कमरों के ताले तोड़ दिए। चोरों ने एक कमरे में जाकर वहां पर रखे मिड-डे-मील के चावल, दालें, गैस सिलेंडर, चूल्हा और खाना बनाने वाले सभी बर्तनों को उड़ा लिया। चोरों ने स्कूल कार्यालय के रिकार्ड से छेड़छाड़ नहीं की है। चोरी का पता सुबह चला जब बच्चे स्कूल पहुंचे। स्कूल के कमरों के ताले टूटे देख बच्चों ने गांव वालों को सूचित किया। गांव वालों ने एसएमएसी प्रधान गीतानंद को सूचना दी। जिन्होंने इसकी सूचना मुख्य अध्यापक उधम सिंह को दी। मुख्य अध्यापक उधम सिंह और एसएमसी प्रधान गीता नंद ने गोहर पुलिस थाना पहुंचकर चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। इससे पूर्व भी गोहर, चैलचौक और इसके आसपास के स्कूलों में चोर मिड-डे-मील के सामान पर सेंध लगा चुके हैं। एसएमसी प्रधान गीतानंद ने बताया कि गांव से बर्तन उधार मांगकर बुधवार को बच्चों को दोपहर का खाना खिलाना पड़ा। एसएचओ नवीन झालटा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द चोरों का सुराग लगाएगी।

Related posts