चार मंजिला मकान में आग, लाखों का नुकसान

मंडी। मंडी शहर के वार्ड नंबर सात में बालक रूपी मंदिर से नीचे एक चार मंजिला मकान में आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ है। मंगलवार रात पौने बारह बजे मकान की निचली मंजिल में कचौरियों की दुकान से अचानक उठी लपटों ने चार मंजिला लकड़ी के बने इस मकान को चपेट में ले लिया। जिससे मकान में किरायेदार के रूप में रह रहे बीएसएनएल के कर्मचारी हेमराज का सारा सामान, गहने और जरूरी कागजात जल गए। मकान नंबर 90/8 दरमियाना मुहल्ला में आग की घटना हुई है। इस अगिभनकांड से करीब तीस लाख से अधिक की संपत्ति स्वाह हो गई। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, पुलिस की फोरेंसिक जांच टीम ने घटना स्थल का दौरा कर आग के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया। घटना का पता चलते ही शहरी थाना पुलिस चौकी प्रभारी चेत सिंह भंगालिया की अगुवाई में पुलिस दल घटना स्थल पर पहुंच गया। वहीं, मंगलवार रात करीब 11.51 पर मंडी अगिभनशमन केंद्र से दमकल टीम घटना स्थल को रवाना हो गई। चौहटा बाजार से नीचे घटना स्थल तक पानी पहुंचाने में अगिभनशमन दल को 18 हौज प्रयोग में लाने पड़े। सुरेंद्र कुमार की अगुवाई में अगिभनशमन दल में अनिल कुमार, सतीश कुमार, दीवान और कश्मीर शामिल थे। जिन्हें आस पड़ोस के लोगों के सहयोग से इस आग पर काबू पाने के लिए करीब ढाई घंटे का समय लगा। फायर ब्रिगेड विभागके अनुसार इस अगिभनकांड में करीब 50 लाख की संपत्ति बचाई गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मकान की चौथी मंजिल पर रसोई घर में रखा गैस सिलेंडर आग की तपिश से फट गया। गनीमत यह रही कि धरातल तल पर दुकान में तीन सिलेंडर थे, अगर उनमें आग लग जाती तो सारा मुहल्ला आग की लपटो में घिर सकता था। इधर, एसपी मंडी आरएस नेगी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
आग की घटना से 25 लाख का नुकसान
मंडी। शहर के भूतनाथ बाजार में एक मकान में आग की घटना से करीब 25 लाख रुपये नुकसान आंका गया। तहसीलदार सदर अजय पराशर ने कानूनगो और पटवारी के साथ आग से क्षतिग्रस्त भवन का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया। तहसीलदार ने बताया कि किरायेदार हेमराज को प्रशासन की ओर से 10 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई। साथ ही परिवार के रहने की व्यवस्था की गई। नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम सदर को सौंपी जाएगी। जिसके बाद अन्य प्रभावितों को उचित सहायता प्रदान की जाएगी।

Related posts