प्राइमरी स्कूलों में कटेंगे पानी के कनेक्शन!

बिलासपुर। जनपद बिलासपुर में कई प्राइमरी स्कूल में पानी के कनेक्शन कट सकते हैं। इन स्कूलों में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए पानी के बिल जमा नहीं होने के चलते कार्रवाई की जाएगी। अभी तक प्राइमरी स्कूल कचौली, चिल्ला का कनेक्शन काटा गया है। जल्द ही अन्य स्कूलों पर भी गाज गिरने वाली है।
प्राइमरी स्कूल डढोग, कल्लर, मुहाई, तुहनू, छड़ोल, लोअर छड़ोल, जामली, नेरी, लागघाट, मैहरी, चिल्ला, नाली, पलौण, सैकली सहित अन्य कई स्कूलों को सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा बिल जारी किए गए। लेकिन कई स्कूलों में बिल की अदायगी नहीं की। इसके चलते विभाग ने अब कड़ा रुख अपनाने का मन बनाया है। बिल जमा नहीं करवाने पर स्कूलों के कनेक्शन भी कट सकते हैं। जानकारी के अनुसार सरकार की ओर से पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए फंड समाप्त कर दिए गए हैं। स्कूल को मिलने वाली आर्थिक सहायता इन बिलों पर ही खर्च हो रही है। कई स्कूल पीने के पानी के भारी भरकम बिल की अदायगी करने में स्कूल प्रशासन भी असमर्थ हो रहा है। उधर, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रधान रणजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि प्राइमरी स्कूलों में इस तरह की समस्याओं के बारे सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। इससे स्कूल प्रशासन को परेशानी नहीं उठानी पड़े। स्कूलों में पानी सहित अन्य सुविधाएं प्रदान करना सरकार की जिम्मेदारी है। तो इस तरह की सुविधाओं को बिना बिल ही मुहैया करवाई जाए।
आईपीएच के सहायक अभियंता सुखराम चौधरी ने कहा कि पानी के बिल की अदायगी न करने वालों को नियमानुसार नोटिस भेजे जा रहे हैं। अलबत्ता, अब तक कितने नोटिस भेजे जा चुके हैं, इस बारे रिकार्ड देखने के बाद ही बताया जा सकेगा। पानी बिल जमा नहीं करवाने पर विभाग की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts