
बिलासपुर। शहर के कोसरियां सेक्टर में बुधवार दोपहर के समय स्ट्रीट लाइट की मरम्मत करते समय एक विद्युत कर्मी करंट लगने से खंभे से नीचे जा गिरा। इस हादसे में विद्युत कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक धर्म सिंह जिला मुख्यालय के नजदीकी सुंगल गांव का रहने वाला था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार विद्युत बोर्ड में सहायक लाइनमैन के पद पर कार्यरत करीब 50 वर्षीय धर्म सिंह बुधवार दोपहर के समय अपने एक अन्य साथी के साथ कोसरियां सेक्टर में नगर परिषद की स्ट्रीट लाइट में आई खराबी दूर करने गया था। इसके लिए वह खंभे पर चढ़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि इस दौरान बिजली की नंगी तार हाथ से छू जाने पर उसे करंट का झटका लगा। जोरदार झटके के कारण वह पहले खंभे से नीचे की ओर एक मकान के लेंटर तथा उसके बाद लेंटर से नीचे एक चट्टान पर जा गिरा। माना जा रहा है कि उसके सिर पर गहरी चोट आई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी ओमप्रकाश की अगुवाई में पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बीच विद्युत बोर्ड तथा नगर परिषद के कई कर्मचारी भी वहां एकत्रित हो गए थे। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। शाम करीब पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। धर्म सिंह अपने पीछे पत्नी तथा दो विवाहित बेटों व एक बेटी का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। विद्युत बोर्ड इंप्लायज़ यूनियन की बिलासपुर यूनिट के अध्यक्ष यशवंत चौहान ने इस हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया है।
