
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं थानांतर्गत अमरपुर में एक मकान के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में नहीं थे। सूचना के आधार पर वे लोग रात को ही घर वापस पहुंच गए। चोरी करने वाला कोई और नहीं, उन्हीं का एक रिश्तेदार था। लोगाें को आते देख वह वहां से भाग निकला, लेकिन बुधवार सुबह पुलिस ने उसे धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार अमरपुर निवासी रमेश की पत्नी अंजना गत मंगलवार रात दुकान व मकान में ताला लगाने के बाद रक्षा बंधन पर्व के लिए अपने मायके चली गई। घर में और कोई भी नहीं था। रात करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाली मीरा देवी नामक महिला ने अंजना के घर में लाइट जली हुई देखी। इस पर उसने अंजना को फोन करके इस बारे सूचित किया। सूचना मिलते ही परिवार के कुछ सदस्यों को साथ लेकर अंजना रात को ही घर वापस पहुंच गई। घर के भीतर नीतिश नामक एक युवक बैठा हुआ था, जो उन्हीं का रिश्तेदार था। लोगों को आते देख वह मौके से भाग निकला।
घर में जांच करने पर अंजना ने लगभग 12 हजार रुपये की नकदी तथा चने, दाल, साबुन व तेल जैसी खाद्य सामग्री गायब पाई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। बुधवार सुबह पुलिस ने नीतिश को धर दबोचा। चुराई गई सारी खाद्य सामग्री उसके घर से बरामद हो गई, लेकिन नकदी का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। घुमारवीं के डीएसपी अंजनी जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
