
गैहरा (चंबा)। क्षेत्र की गैहरा पंचायत स्थित मड़ासा-ढाला मार्ग तीन सप्ताह से बंद पड़ा है। इस कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक भारी बारिश के चलते मड़ासा जीरो प्वाइंट और अंदराड़ा के पास भी भारी मात्रा में भूस्खलन हो रहा है। इसके अलावा डंगा भी ढह गया है। इस कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। स्थानीय निवासी दीप शर्मा, जगो राम, मनीष कुमार, रोशन, कर्म चंद, पवन कुमार, अंबिया राम और सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क बंद होने के कारण सेब को मंडियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इस कारण सेब घर में ही सड़ने लग पड़ा है। उन्होंने कहा कि जल्द इस सड़क को यातायात के लिए बहाल नहीं किया गया तो सेब खराब हो जाएगा और बागवानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिर जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस सड़क को जल्द यातायात के लिए बहाल किया जाए। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता राजकुमार ने बताया कि रिटेनिंग वाल गिर गई है। इस कारण समस्या पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि मार्ग को ठीक करने में लेबर लगी है। दो दिन के भीतर सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
