
चंबा। मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को दवाइयों के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। जिला स्वास्थ्य विभाग यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को जरूरी दवाइयां मुफ्त मुहैया करवाएगा। इसके लिए विभाग ने 76 हजार की दवाइयां मंगवाई हैं। दवाइयाें की खेप जिला मुख्यालय में पहुंचने के बाद सप्लाई भरमौर को भेज दी गई है। ये सारी दवाइयां श्रद्धालुओं के लिए मंगवाई गई हैं। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने यह कदम उठाया है। विभाग की ओर से मणिमहेश यात्रा मार्ग स्थल पर आठ स्थानों पर तैनात की गई टीमों के पास ये दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। चिकित्सीय टीमें श्रद्धालुओं को मौके पर प्राथमिक उपचार देंगी और दवाइयों भी मुफ्त में मुहैया करवाएंगी। विभाग ने स्वास्थ्य टीमों की तैनाती कर दी है। ये टीमें श्रद्धालुओं को दिन रात सेवाएं दे रही हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि श्रद्धालुओं के इलाज में कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। जन औषधि केंद्र के फार्मासिस्ट देवेंद्र ने बताया कि दवाइयां जिला अस्पताल से भरमौर के लिए भेज दी गई हैं।
उधर, क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि मणिमहेश यात्रा के दौरान बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। श्रद्धालुओं को मुफ्त इलाज और दवाइयां मुहैया करवाई जाएंगी। इसके लिए 76 हजार की विभिन्न दवाइयां भरमौर भेज दी गई हैं। 12 सितंबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें अपनी सेवाएं प्रदान करेगी।
