बीफार्मा के छात्र की मौत पर हंगामा

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। क्षेत्र के एक फार्मेसी कॉलेज में बीफार्मा की पढ़ाई कर रहे छात्र आशीष (17) पुत्र अशोक कुमार निवासी खंगालता (सलौणी) जिला हमीरपुर की मौत पर जमकर हंगामा हुआ।
छात्र का शव नाले में मिला है। ऐसे में प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि छात्र की मौत नाले में डूबकर हुई है जबकि मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या हुई है। परिजनों के आक्रोश के बाद ज्वालामुखी पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुट गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
आशीष के गांव से आए करीब पांच दर्जन से अधिक लोगों ने देहरा के तहसील चौक पर ज्वालामुखी पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद लोगों ने तहसील चौक पर करीब 20-25 मिनट के लिए चक्का जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। देहरा पुलिस ने लोगों का समझा-बुझाकर रास्ते को खुलवा दिया। थाना प्रभारी धर्मपाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता अशोक कुमार ने आरोप लगाया कि ज्वालामुखी पुलिस बिना जांच किए इस मामले को हादसा मान कर चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या हुई है। जिस नाले में डूबकर मौत होने की बात कही जा रही है कि वहां पर कोई डूब नहीं सकता। न ही उस गंदे नाले में कोई नहाने जा सकता है। जिस वक्त घटना हुई उस समय उसके साथ एक छात्र और भी था। उससे सख्ती से पूछताछ करनी चाहिए थी ताकि सच सामने आ सके। उन्होंने कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर अंगुली उठाते हुए कहा कि छात्रों के लिए मेस की व्यवस्था कॉलेज परिसर में है जबकि हास्टल कॉलेज से कुछ दूरी पर है लेकिन छात्रों पर कॉलेज प्रशासन की ओर से नजर नहीं रखी जाती है।
आशीष ने एक माह पहले ही इलाके के एक फार्मेसी कालेज में दाखिला लिया था। वह कॉलेज के ही होस्टल में रह रहा था। तीन दिन पहले आशीष घर से लौटा था। मंगलवार दोपहर बाद करीब तीन बजे उसने अपने घर पर फोन से बात की। करीब पौने चार बजे कॉलेज के किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि आशीष कहीं नहीं मिल रहा है। करीब चार बजे कथोग के साथ लगते नाले में उसका शव मिला। डीएसपी देहरा बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। एसडीएम विनय कुमार का कहना है कि बिना साक्ष्यों के हत्या का मामला दर्ज नहीं किया जा सकता है। कॉलेज प्रशासन से सुरक्षा के इंतजामों को लेकर जवाब तलब किया गया है।

Related posts