दवा कंपनी में ड्रायर फटा, एक मजदूर घायल

संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। टैरेस फार्मास्युटिकल दवाई की कंपनी में ड्रायर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। इससे लाखाें रुपये की दवाइयां जल गईं जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। कंपनी में सेवाएं दे रहे लगभग 90 मजदूरों ने भागकर जान बचाई। बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह ड्रायर में दवाइयां सुखाने के लिए रखी थीं। इसी दौरान तापमान बढ़ने से ड्रायर फट गया। वहां आग लग गई। फायर बिग्रेड को सूचित किया गया। फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। ड्रायर जैसे ही फटा मशीनों में दवाइयां रखने के लिए लगे शीशे भी टूट गए। ड्रायर में सूखने रखी लाखों रुपये की दवाइयां भी राख हो गईं। इसके अलावा अन्य दवाइयों का पाउडर भी जल गया है। विस्फोट से कंपनी की दीवारें टूट गई हैं। मशीनें तहस नहस हो गई हैं। विस्फोट के कारण हरपाल निवासी फतेहपुर के सिर और बाजू में चोटें आई हैं। घायल का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। कंपनी के प्रबंधक छेदी लाल ने कहा कि ड्रायर फटने से लाखाें रुपये का नुकसान हुआ है। इस दौरान एक मजदूर घायल हो गया है। आग लगने पर तुरंत फायर बिग्रेड को सूचित किया गया।

Related posts