बीसीए की छात्रा से दुराचार

जवाली (कांगड़ा)। क्षेत्र के एक संस्थान में बीसीए कर रही एक छात्रा से दुराचार के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसपी कांगड़ा के आदेशानुसार पुलिस थाना जवाली में केस दर्ज हुआ है। डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा ने बताया कि छात्रा ने एसपी कांगड़ा के पास एक लड़के अजय पुत्र प्रकाश के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म करने व उसको जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की थी। 20 अगस्त को एसपी कांगड़ा के आदेशानुसार जवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया। शिकायत में पीड़िता ने कहा है कि आरोपी अजय कुमार अकसर उसे तंग करता था। इस वर्ष पांच जुलाई को अजय उसको अपने बहन-जीजा से मिलाने के बहाने एक रेस्तरां में ले गया। रेस्तरां में उसने उसको एक गिलास जूस पिलाया। जूस पीने के बाद वह बेहोश गई। जब उसे होश आया तो वह आपत्तिजनक अवस्था में थी। उसने इसके बारे में जब अजय से पूछा तो उसने उसकी गर्दन पर पिस्तौल तान दी। उसको धमकी दी कि वह उसकी अश्लील वीडियो इंटरनेट में डाल देगा। वह उसे अक्सर तंग करने लगा। आखिरकार तंग आकर उसने व्यथा परिजनों को सुनाई। इस पर उन्होंने एसपी कांगड़ा के पास शिकायत दर्ज करवाई। डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा ने बताया कि एसपी के आदेशानुसार पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related posts