
नई दिल्ली: दिल्ली की अदालत ने आईपीएल स्पाट फिक्सिंग मामले में दाऊद इब्राहिम के तीन सहयोगियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए है। गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस के आयुक्त नीरज कुमार ने कहा था कि आईपीएल स्पाट फिक्सिंग मामले में मुंबई अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम शामिल है।
कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि इस प्रकरण के मुख्य ‘साजिशकर्ता विदेश में बैठे’ हैं और मुंबई अंडरवर्ल्ड इससे जुड़ा है। इससे भद्रजनों के खेल में अंडरवर्ल्ड के प्रभाव के संकेत मिले हैं। स्पाट फिक्सिंग के आरोप में तीन क्रिकेटरों की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए कुमार ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने अप्रैल में जांच शुरू की थी जब उसे सूचना मिली थी कि मुंबई अंडरवर्ल्ड सट्टा लगाने के लिए कई सट्टेबाजों और कुछ खिलाडिय़ों से संपर्क कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण के तार विदेशों से जुड़े हैं और मुख्य साजिशकर्ता विदेश में बैठे हैं।
