पीतल कारोबारी के पिता की गोली मारकर हत्या

नई दिल्ली। रानीबाग इलाके में सोमवार रात एक पीतल कारोबारी के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुजुर्ग की पहचान जयनारायण गुप्ता (65) के रूप में हुई है। वे हरियाणा सरकार के टाउन एंड प्लानिंग विभाग से पांच साल पहले रिटायर हुए थे। पुलिस को आशंका है कि रुपये की लेन देन को लेकर हत्या की गई है।
पुलिस के अनुसार जयनारायण गुप्ता सपरिवार रानीबाग इलाके में रहते थे। इनके बेटे मनोज का पीतल का कारोबार है। मकान के भूतल पर ही उनका दुकान है। सोमवार शाम जयनारायण दुकान पर बैठे थे। रात करीब आठ बजे दुकान के बाहर धमाके की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य वहां पहुंचे तो उन लोगों ने जयनारायण को नीचे गिरा हुआ पाया। उनके सीने में गोली लगी थी। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अग्रसेन अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा मिला। मनोज के सामने वाले घर के बाहर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगालने पर पुलिस ने पाया कि घटना के समय एक युवक तेजी से वहां से भाग रहा था। पुलिस ने बताया कि जयनारायण ब्याज पर रुपये देते थे। आशंका है कि रुपये की लेन देन की वजह से युवक ने उनकी हत्या की है।

Related posts