खाद्य सुरक्षा कानून दिल्ली में लागू

नई दिल्ली। दिल्ली में दो रुपये किलो गेहूं और तीन रुपये किलो चावल वाला खाद्य सुरक्षा की गारंटी देने वाला कानून मंगलवार को लागू हो गया। योजना का शुभारंभ तालकटोरा स्टेडियम में यूपीए की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक दर्जन महिलाओं को राष्ट्रीय स्मार्ट खाद्य सुरक्षा कार्ड और पांच किलो चावल की थैली देकर किया। वहीं अलग-अलग हिस्से से आमंत्रित की गईं महिलाओं को स्टेडियम परिसर में लगे काउंटर पर कार्ड दिए गए।
यूपीए अध्यक्ष ने कहा कि सरकार राजीव गांधी के सपनों को आगे बढ़ा रही है, लेकिन काम कभी खत्म नहीं होते। अभी बहुत कुछ करना बाकी है। योजना का लाभ देश की दो तिहाई आबादी को होगा। इसमें शहरी क्षेत्र की 50 फीसदी आबादी शामिल है। पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम(पीडीएस) में खामियां थीं, नए कानून में ऐसी दिक्कत नहीं रहेगी। सही आदमी को अनाज मिलेगा। सोनिया गांधी ने कहा कि महिला को मुखिया बनाया गया है तो वे आत्मनिर्भर होंगी। मुझे खुशी है कि दिल्ली सरकार कार्यक्रम की शुरुआत कर रही है। उम्मीद है कि सही मायने में लागू करने में सफल होंगे। जनसेवा ही हमारा लक्ष्य है और यही हमारा धर्म है। यही राजीव गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि राजीव गांधी के जन्मदिन पर योजना की शुरुआत हो रही है। ऐतिहासिक दिन दिन पर इसे इसलिए शुरू किया गया है क्योंकि उन्हीं की प्रेरणा से हम काम करते हैं। दुनिया में ऐसा कोई देश नहीं, जहां महिला के माध्यम से भोजन की गारंटी मिल रही है। एक सितंबर से 32 लाख लोगों को योजना का लाभ मिलेगा जबकि दिसंबर या जनवरी, 2014 तक 73 लाख लोग योजना में शामिल कर लिए जाएंगे। आधार आधारित कार्ड हैं तो गड़बड़ी नहीं होगी। लाभार्थियों से आग्रह किया कि जिन्हें योजना कार्ड मिल गए हैं, वह दूसरों को बताएं ताकि इससे जरूरतमंद लोग वंचित न रहें।

गर्भवती महिला, शिशु, किशोर-किशोरी व पूरे परिवार को अलग-अलग तरह के भोजन की गारंटी कानून में दी गई है। जिनके पास भोजन की व्यवस्था नहीं होती, उनके बच्चे कुपोषण के शिकार होते हैं। हर जरूरतमंद के लिए भोजन की व्यवस्था जिम्मेदारी है। कोई गरीब भूखा न रहे इसलिए खाद्य सुरक्षा बिल लाए हैं।
-सोनिया गांधी, यूपीए अध्यक्ष

खाद्य सुरक्षा कानून का बहुत विरोध हुआ। आज भी विरोध हो रहा है, लेकिन हम रुकेंगे नहीं। इस कानून को हम संसद में पास भी करेंगे और जरूरतमंद सभी लोगोें को भोजन देंगे।
-शीला दीक्षित, मुख्यमंत्री

82 करोड़ लोगों को मिलेगा लाभ
पिछले दो सत्र से खाद्य सुरक्षा बिल पास कराने का प्रयास कर रहे हैं। देशभर के 82 करोड़ लोगों को योजना का फायदा मिलेगा। योजना में तमाम ऐसे प्रावधान हैं जिससे पीडीएस की कमियां दूर की गई हैं।
-प्रो. केवी थॉमस, केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री

भगवान विरोध करने वालों को सद्बुद्धि दे
दिल्ली ने भोजन की गारंटी का कानून लागू कर दिया है। अभी संसद में बिल आना है। भगवान गरीबों को भोजन देने वाले इस बिल का विरोध कर रही राजनीतिक पार्टियों को सद्बुद्धि दे।

Related posts