सीबीआई जांच के लिए अनिश्चितकालीन धरना शुरू

रुद्रप्रयाग। कृषि मंत्री डा. हरक सिंह रावत के पूर्व पीआरओ युद्धवीर हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर ब्लाक मुख्यालय जखोली में ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ऐलान किया गया कि जब तक सीबीआई जांच की मांग पूरी नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा।
मंगलवार को ब्लाक मुख्यालय में ग्रामीण एकत्रित हुए और धरना दिया। इस मौके पर वयोवृद्ध आंदोलनकारी जगत राम सेमवाल की अध्यक्षता में बैठक भी हुई, जिसमें आंदोलन चलाने के लिए 15 सदस्यीय कोर कमेटी गठित की गई। कहा गया कि प्रदेश सरकार दोषियों को बचाने के लिए सीबीआई जांच नहीं करवा रही है। आखिर क्या कारण थे कि युद्धवीर की हत्या करवाई गई, किसके इशारे पर यह हत्याकांड हुआ, कौन इसमें शामिल है, इसका खुलासा होना चाहिए। सीबीआई ही दोषियों तक पहुंच सकती है। उन्होंने रोष जताया कि पुलिस ने एक महिला और पुरुष को पकड़ कर इतिश्री कर ली। यह जानने की कोशिश नहीं की गई कि मेडिकल सीट में प्रवेश के लिए अवैध वसूली का पैसा कहां जाता है। प्रदर्शन में सीपीआई के जिला मंत्री दीपक भट्ट, हयात सिंह राणा, विष्णु प्रसाद थपलियाल, सुंदर सिंह रावत, ललिता प्रसाद भट्ट, दयाल सिंह खंडा, मोलाराम ममर्गाइं, विजेंद्र भंडारी, बालेश्वर डंगवाल, ग्राम प्रधान कपणियां बीरेंद्र राणा, प्रधान रहड़ सरोजनी देवी, देवेश आदि शामिल थे।

Related posts