
डीडीहाट। नगर क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी आएगी। विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष कवींद्र शाही की अध्यक्षता में हुई बैठक में रुटमैप तैयार किया गया। सीवरेज सहित विभिन्न विकास योजनाओं की डीपीआर (डिटलेड प्रोगेस रिपोर्ट) एक सप्ताह में तैयार करने के निर्देश दिए गए।
शहरी विकास मंत्रालय ने नगर क्षेत्र में सीवरेज, पेयजल आपूर्ति, ड्रेनेज और सड़क निर्माण को लेकर डीपीआर बनाने कि निर्देश दिए थे। 15 किलोमीटर के दायरे में होने वाली सीवरेज के लिए एक सप्ताह में डीपीआर तैयार करने को कहा गया है। सीवरेज के काम के दौरान आवाजाही की वैकल्पिक व्यवस्था भी तय की गई। सीवरेज और पेयजल के लिए जल निगम और जल संस्था तथा सड़क और ड्रेनेज के लिए लोनिवि को डीपीआर बनाने का जिम्मा शासन ने सौंपा है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता आरएस धर्मसत्तू को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नगर पंचायत प्रतिनिधियों ने कई सुझाव दिए। सुझावों पर अमल करने की बात अधिकारियों ने कही। निर्माणाधीन थल-डीडीहाट लिफ्टिंग पेयजल योजना की कार्य प्रगति पर चर्चा की गई है। पीएस बोहरा के संचालन में हुई बैठक में सोनी बोहरा, भूपेश टम्टा, दीपक कन्याल, बिंद्रा टोलिया, बिजली विभाग के एसडीई योगेश पांडेय, लोनिवि के डीएम गुप्ता, जल निगम के पीके चौधरी, संस्थान के बीडी भट्ट आदि मौजूद थे।
