35 ग्राम पंचायतों में तीन दिन से अंधेरे में

गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। गणाईगंगोली क्षेत्र की 35 ग्राम पंचायतों में तीन दिन से बिजली नहीं है। बिजली न होने से पानी पंप नहीं हो पा रहा है तो व्यावसायिक गतिविधियों पर गंभीर असर पड़ा है। हालातयह हैं कि बिजली विभाग के ईई को 35 ग्राम पंचायतों में बिजली न होने की बात मालूम ही नहीं है। गुस्साए लोगों ने मंगलवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर विद्युत नियामक बोर्ड और जिला उपभोक्ता फोरम में मामला ले जाने की चेतावनी दी है।
गणाईगंगोली में 18 अगस्त से बिजली नहीं है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि बिजली विभाग के ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को बिजली न होने की जानकारी दे दी गई है। बिजली न होने से 35 ग्राम पंचायतों में अंधकार छाया हुआ है। बनकोट की भद्रावती पंपिंग योजना ठप हो गई है। एसबीआई, पोस्टआफिस और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर बुरा असर पड़ा है। पालीटेक्निक की आन लाइन काउंसलिंग प्रभावित हो गई है।
बिजली विभाग की मनमानी के खिलाफ एकत्र गोकुल गंगोला, भगवान मेहता, गिरीश उपाध्याय, विक्की बोरा, मनोज बोरा, जीवानंद उपाध्याय, रेवती देवी, सावित्री देवी, गंगा देवी, सरिता देवी ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इन लोगों का कहना है कि विद्युत नियामक बोर्ड और उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज कराएंगे। उधर, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश मौर्या का कहना है कि बिजली न होने का मामला संज्ञान में नहीं है। बिजली बहाल की जाएगी। उधर, विधायक नारायण राम आर्या का कहना है कि उन्होंने इन गांवों में बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल करने के लिए अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए थे। लेकिन उनके द्वारा अभी तक बिजली आपूर्ति नहीं की गई है। अब काम में लापरवाही की शिकायत मुख्यमंत्री से करेंगे।

Related posts