
चंपावत। युवाओं ने मांग की है कि विभिन्न विभागों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से हो रही नियुक्ति में स्थानीय लोगों को वरीयता दी जाए तथा आउटसोर्सिंग का कार्यालय स्थायी रूप से चंपावत में खोला जाए। युवाओं ने इस मांग को लेकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
युवाओं का कहना है कि सरकार अपने विभागों में खुद नौकरी की व्यवस्था करने के बजाए आउटसोर्सिंग का सहारा ले रही है। अच्छा होता कि सरकार खुद ही नियुक्ति प्रक्रिया को संचालित करती। अब जबकि आउटसोर्सिंग से नियुक्ति का फैसला ले ही लिया है तो स्थानीय युवाओं को वरीयता दी जानी चाहिए। साथ ही आउटसोर्सिंग का कार्यालय स्थायी रूप से जिला मुख्यालय में खोला जाना चाहिए। इससे पंजीकरण में सुविधा हो जाएगी। युवाओं ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि बेरोजगारी के इस दौर में युवाओं के मामलों में सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाए। प्रदर्शन में पालिका सभासद नरेश जोशी, चंदन सिंह बोहरा, सतेंद्र गोस्वामी, भूपेंद्र गोस्वामी, संदीप पांडे, अमित पांडे, हिमांशु नाथ, ललित मोहन, अजय सिंह आदि शामिल थे।
