दुकान से एक लाख के जेवरात उड़ा ले गए चोर

लंबगांव (टिहरी)। रातलधार में पंवार ज्वैलर्स का ताला तोड़कर चोर एक लाख के सोने, चांदी के जेवरात और नगदी उड़ा ले गए। चोरी होने से दुकानदार दहशत में हैं। व्यापार मंडल ने चोरों की गिरफ्तारी जल्द नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पंवार ज्वैलर्स के स्वामी नागेंद्र सिंह पंवार मंगलवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो शटर का ताला टूटा देखकर हैरान रह गए। दुकान से सोने, चांदी के जेवर गायब मिले। इनकी बाजार कीमत एक लाख के लगभग बताई जा रही है। तिजोरी में रखे 700 रुपये भी चोर उड़ा ले गए। दुकान स्वामी की ओर से धौतरी राजस्व पुलिस चौकी में चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। राजस्व निरीक्षक मोहन सिंह ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश्वर पैन्यूली, उम्मेद सिंह कंडियाल व राम सिंह राणा ने चोरी का जल्द खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

Related posts