
घनसाली (टिहरी)। जूनियर हाईस्कूल निस्वाली भाटगांव में शिक्षकों की तैनाती की मांग पर भूख हड़ताल पर बैठे अभिभावकों ने खंड शिक्षा अधिकारी के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित कर दिया है। खंड अधिकारी एनडी थपलियाल ने दो सप्ताह के अंतर्गत विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती करने की बात कही। तय सीमा के अंतर्गत शिक्षकों के कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर अभिभावकों ने फिर से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
जूनियर हाईस्कूल निस्वाली भाटगांव में शिक्षकों के छह पद स्वीकृत हैं लेकिन विद्यालय में कार्यरत सिर्फ दो ही शिक्षक हैं। बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ होता देख 17 अगस्त से अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में क्रमिक अनशन शुरू किया था। सोमवार से पांच अभिभावक भूख हड़ताल पर बैठ गए थे। खंड शिक्षा अधिकारी बुधवार को निस्वाली भाटगांव स्कूल में पहुंचे। उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि शिक्षकों की पदोन्नति लिस्ट दो-तीन दिन में जारी हो रही है। सबसे पहले निस्वाली भाटगांव जूनियर हाईस्कूल में ही शिक्षकों की तैनाती की जाएंगी। बीईओ से मिले आश्वासन पर आंदोलित अभिभावक मान गए। जूस पिलाकर बीईओ ने भूख हड़ताल पर बैठे अभिभावकों का अनशन तुड़वाया। इस मौके पर ग्राम प्रधान गोविंद लाल, वासपानंद ,सब्बल सिंह, त्रेपन सिंह, नत्थी सिंह उपस्थित थे।
