
काशीपुर। सरकारी अनुमति के बिना चुपचाप मसजिद निर्माण को लेकर एक ही धर्म के दो संप्रदायों में जबरदस्त तनाव है। एक संप्रदाय के सैकड़ों लोगों ने निर्माणाधीन स्थल घेरकर जब हंगामा किया तब निर्माण कार्य रुका। देर रात तक पुलिस घटनास्थल पर डटी रही और दोनों पक्ष में सुलह कराने के प्रयास में थी। उधर पुलिस ने निर्माणाधीन मसजिद में जबरन घुसने के प्रयास में एक युवक को हिरासत में लिया है।
छावनी के निकट बाबा भुल्लन शाह की मजार और मसजिद के पास ही एक भूखंड पर एक संप्रदाय के लोगों ने सरकारी अनुमति के बिना मसजिद का निर्माण शुरू कर दिया। वहीं उसी स्थान पर नमाज पढ़ने की खबर फैलते ही दूसरे मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग जमा हो गए और विरोध करने लगे। सूचना मिलते ही एसएसआई धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में फोर्स पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया। इसके बाद लोगों ने देर रात बाबा भुल्लन शाह मजार परिसर में बैठक की। वक्ताओं ने कहा कि दूसरे संप्रदाय के लोग गैर कानूनी रुप से चोरी-छिपे मसजिद का निर्माण कर रहे हैं। जो दोनों संप्रदायों के बीच तनाव का कारण बनेगा। पहले से ही एक मसजिद मौजूद है। उसमें किसी को भी नमाज पढ़ने से नहीं रोका जाता है। तब उसके बराबर में दूसरी मसजिद का निर्माण करना विवाद को जन्म देना है। लोगों ने प्रशासन से अवैध रूप से कराया जा रहानिर्माण को रोकने की मांग की है। पुलिस दोनों पक्ष में सुलह कराने के प्रयास में है, परंतु तनाव बना हुआ है। कोतवाल डीसी ढौंडियाल ने कहा कि इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों को निर्णय लेना चाहिए। पुलिस कानून व्यवस्था भंग नहीं होने देगी।
