
सितारगंज। रिश्तेदार के यहां परिवार सहित जागरण में गए एलआईसी अभिकर्ता के घर के ताले तोड़कर चोरों ने छह हजार की नगदी समेत लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। सुबह पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे एलआईसी अभिकर्ता ने पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चोरी गए सामान का मुआयना किया।
शहर के वार्ड संख्या आठ गणेश मंदिर के पीछे गरिमा बंसल के मकान में एलआईसी अभिकर्ता लखन स्वरूप गंगवार मय परिवार के रहते हैं। सोमवार की रात लखन अपनी पत्नी राजकुमार व सात वर्षीया बेटी महिमा के साथ किच्छा रिश्तेदार के घर जागरण में शिरकत करने गए थे। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी खंगाल डाली और अलमारी में रखी छह हजार की नगदी, सोने की चार चूड़ियां, एक चेन, एक हार, एक मंगलसूत्र, एक मांगटीका, दो सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायल व एक चांदी का गिलास चुरा लिया। पड़ोसियों ने सुबह घर का ताला टूटा देखा तो लखन को इसकी सूचना दी। इससे लखन व उसके परिवार होश फाख्ता हो गए। आनन फानन में घर पहुंचे लखन ने तत्काल पुलिस को चोरी की घटना से अवगत कराया। जिस पर एसआई एसएस रावत ने घटना का मुआयना किया। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी थी। मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।
