
उत्तरकाशी। ऋषिकेश-देहरादून से उत्तरकाशी तक गंगोत्री हाईवे पर आठ दिन बाद भी यातायात बहाल नहीं हो पाया है। इससे आगे भटवाड़ी गंगोत्री की ओर तो राजमार्ग 16 जून से ही अवरुद्ध है। इन हालातों में देश दुनिया से अलग-थलग पड़े उत्तरकाशी जनपद में दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं।
गंगोत्री हाईवे के नालूपाणी वाले हिस्से में पहाड़ी से भूस्खलन का सिलसिला जारी रहने से बीआरओ आठवें दिन भी यातायात बहाल नहीं कर पाया। यहां लोग जान जोखिम में डालकर गिरते पत्थरों के बीच पैदल आवाजाही को मजबूर हैं। सड़क अवरुद्ध होने से जिला मुख्यालय पर सब्जी, दूध, ईंधन आदि जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जिससे आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उत्तरकाशी से भटवाड़ी गंगोत्री की ओर हाईवे पर गंगोरी से आगे यातायात ठप है। मंगलवार सुबह उत्तरकाशी-लंबगांव सड़क भी संकूर्णाधार के पास दो जगह भूस्खलन से अवरुद्ध हो गई थी। हालांकि लोनिवि ने यहां सुबह करीब नौ बजे मलबा साफ कर यातायात चालू कर दिया।
