नाला उफनाने से भूस्खलन, मकानों में दरारें

रानीखेत। मंगलवार दोपहर भारी बारिश के कारण उफनाए जामा मस्जिद के समीपवर्ती नाले ने सुदामापुरी और कुरेशियन मोहल्ले में जमकर कहर बरपाया। एरोली और आसपास के गांवों को जोड़ने वाले मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए। मकानों में दरारें आ गईं, जबकि कई घरों के आंगन भूस्खलन की चपेट में हैं। जामा मस्जिद के भवनों को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। संयुक्त मजिस्ट्रेट डा. इकबाल अहमद, कैंट सीईओ प्रमोद कुमार और सभासद मोहन नेगी ने मौके का मुआयना किया।
मंगलवार दोपहर लगभग पौने घंटे तक हुई ताबड़तोड़ बारिश से नगर के सभी बड़े नाले उफान पर आ गए। जामा मस्जिद के समीप बहने वाले छावनी के बड़े नाले ने समीपवर्ती सुदामापुरी और कुरेशियन मोहल्ले में जमकर कहर बरपा दिया। एरोली और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाले मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए। नाले से लगे कुरेशियन मोहल्ले में कई मकानों में दरारें आ गईं। आंगन भूस्खलन की चपेट में है। सुदामापुरी क्षेत्र में कई दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। सुदामापुरी निवासी अनिल पांडे, माया पांडे, रोजी अली खान, याकूब खान, सुल्तान खान, मो. अलीम, मो. हनीफ आदि के मकानों और आंगन क्षतिग्रस्त हो गए। जामा मस्जिद को नाले से खतरा उत्पन्न हो गया है। मस्जिद की दीवार नाले की चपेट में है। इलाके में बिजली, पानी की लाइनें और टेलीफोन के पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मार्ग संयुक्त मजिस्ट्रेट डा. इकबाल अहमद, कैंट बोर्ड सीईओ, लोनिवि और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। सभासद मोहन नेगी ने बताया कि उन्होंने भी नाले को आपदा मद में बनाने की मांग को लेकर सीईओ को पत्र भेजा है। बिजली, पानी और टेलीफोन की लाइनों को ठीक किया जा रहा है। इधर क्षेत्रीय विधायक अजय भट्ट ने बताया कि उन्होंने संयुक्त मजिस्ट्रेट और छावनी परिषद के सीईओ को अतिशीघ्र नुकसान का आगणन बनाने को कहा है। उन्होंने कहा कि इलाके के मकानों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास होंगे।

नाले के उफान को देखकर दहशत में आए स्थानीय लोग
रानीखेत। उफनाए नाले को देखकर कुरेशियन और सुदामापुरी मुहल्ले के लोग दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि बरसात में किसी भी समय नुकसान हो सकता है। छावनी परिषद से कई बार नाले को ठीक करने की मांग की गई, लेकिन इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया। यह नाला अब स्थानीय लोगों के लिए खतरा बन गया है। इधर, संयुक्त मजिस्ट्रेट और सीईओ ने देर शाम तक इलाके का मुआयना किया।

Related posts